नई दिल्ली, 30 सितम्बर, 2023: पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहाँ कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी "परिवारतंत्र के रिवाज को प्रजातंत्र के मिज़ाज" में बदल कर, "ग्राउंड जीरो के ग्लोबल हीरो" का "बेहतरीन ब्रांड" बन गए हैं।
आज नई दिल्ली में ब्रिक्स सीसीआई चेम्बर ऑफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के "इंडियन ब्रांड एण्ड लीडरशिप कॉन्क्लेव 2023" को सम्बोधित करते हुए श्री नकवी ने कहा कि परिवार प्रायोजित प्रोग्राम से नहीं , परिश्रम की पराकाष्ठा के परिणाम से मोदी जी ग्लोबल लीडरशिप का प्रमाणिक ब्रांड बनें हैं। और उनके निर्णायक नेतृत्व ने साबित किया है कि "परफॉर्म के लिए ट्रांसफॉर्म, रिफॉर्म के लिए रिस्क" का कमिटमेंट, कन्विक्शन और करेज पहली जरूरत है।
श्री नकवी ने कहा कि कोई भी बेहतरीन ब्रांड "बाई चांस नहीं बाई च्वाईस" बनता है, ब्रांड के प्रति आकर्षण को आस्था में बदलने के लिए प्रोडक्ट की प्रमाणिकता, व्यक्तित्व की विश्वनीयता "ब्रांड के ग्लोबल ग्लैमर और गौरव का गहना है"।
श्री नकवी ने कहा कि तकनीक और कनेक्टिविटी क्रान्ति ने दुनिया को छोटा और प्रतिस्पर्द्धा को बड़ा कर दिया है, संसार के हर हिस्से की व्यापारिक, राजनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, शैक्षणिक, प्रशासनिक गतिविधियों पर लोगों की पैनी नज़र रहती है, डिजिटल दुनिया में किसी भी पर्सनैलिटी, प्रोडक्ट, इन्डस्ट्री, इंस्टीट्यूशन की वैश्विक विश्वसनीयता कायम करना और रखना "लोहे के चने चबाने से कम नहीं है।" इस लिए संकल्प, समझ, समर्पण, संयम, सावधानी सफलता का सूत्र साबित हो रहा है।
श्री नकवी ने कहा कि प्रोडक्ट, पर्सनैलिटी का प्रायोजित प्रोमोशन मात्र आज प्रमाणिकता और परफेक्शन का प्रमाण नहीं रहा गया, इसके लिए "हवा पर पैनी नज़र -ज़मीन पर पुख़्ता नज़रिये" की जुगलबन्दी जरूरी है। टेक्नालॉजी को क्रोनोलॉजी की कैद से बचाना होगा। इसी लिए परिवर्तन, परिश्रम, प्रमाणिकता परफेक्ट प्रोडक्ट्स का प्रभावी सफलता सूत्र बन गया है।
श्री नकवी ने कहा कि आज इंटरनेट, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, सोशल नेटवर्किंग साइट्स, डिजिटल दुनिया ने भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के तरक्क़ी के तौर तरीक़े की टेक्नीक, टेक्नोलॉजी में क्रांतिकारी परिवर्तन किया है।
श्री नकवी ने कहा कि भारत जहां दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई आर्थिक ताक़त है वहीं डिजिटल डेवलपमेंट के मामलें में भारत पहले पायदान पर खड़ा है। अमेरिका, चीन, जापान और जर्मनी के बाद भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। भारत की जीडीपी 3.17 ट्रिलियन डॉलर हो गई है। वर्ष 2023-24 के लिये जीडीपी वृद्धि 6.5% है। भारत का विदेशी मुद्रा भंडार भी बढ़कर लगभग 600 अरब डॉलर हो गया है। अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष ने अनुमान लगाया है कि भारत साल 2027-28 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है।
भारत 2023 में निवेश के लिये सबसे आकर्षक उभरते बाज़ार के रूप में चीन से आगे निकल गया है। भारत ने 2021-22 में 83.57 बिलियन डॉलर का एफडीआई हासिल किया। भारत का विशाल बाजार और राजनीतिक स्थिरता और निर्णायक नेतृत्व इसके प्रमुख कारण हैं। अमेरिका और चीन के बाद भारत तीसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार बनने की ओर अग्रसर है; विश्व आर्थिक मंच की एक रिपोर्ट के अनुसार भारत का उपभोक्ता बाजार वर्तमान में 1.5 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है जो बढ़कर 2030 तक लगभग 6 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर हो जाने की उम्मीद है।
श्री नकवी ने कहा कि आज भारतीय कंपनियों चाहे वो सार्वजनिक क्षेत्र की हों या प्राइवेट, पूरे विश्व भर के लिए "बेस्ट ब्रांड" बन गई हैं। आज 8 भारतीय कम्पनियां फार्च्यून ग्लोबल 500 लिस्ट में हैं। भारत "ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब" बन गया है। मोदी जी की "मेक इन इंडिया" पहल के बाद विश्व की तमाम बड़ी कंपनियां भारत में अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स लगा रही हैं। भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग देश है; 2028 तक विश्व का सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल मार्किट बन जायेगा; भारत ने 2022 में लगभग 770 बिलियन डॉलर का वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात किया।
श्री नकवी ने कहा कि यही कारण है कि पिछले कुछ वर्षों में भारत को लेकर दुनिया की नज़र-नज़रिए में अप्रत्याशित परिवर्तन आया है और दिन दूनी रात चौगुनी उछाल के साथ भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। आज भारत की अर्थव्यवस्था तमाम बड़े अर्थतंत्र को पछाड़कर कर प्रगति कर रही है। सुशासन, सुधार, स्थायित्व और निर्णायक नेतृत्व का नतीजा है कि भारत विश्व व्यापार और वाणिज्य का विश्वसनीय स्थान बन गया है।
इस अवसर पर सार्वजनिक-राजनीतिक क्षेत्र एवं जन कल्याण की दिशा में श्री नकवी को उनके योगदान के लिए "लीडर ऑफ़ होप" पुरस्कार से सम्मानित किया गया। "इंडियन ब्रांड एंड लीडरशिप कॉन्क्लेव 2023" में बेहतर ब्रांडिंग और परफॉरमेंस के लिए विभिन्न कम्पनियों को पुरस्कृत किया गया जिनमें इंडियन आयल, टाटा स्टील, रिलायंस, अशोक लीलैंड, बजाज अलायंस, हेयर अप्लायंसेज, रेड एफएम, निप्पोन पेंट्स आदि शामिल रहीं। कार्यक्रम में मीडिया, कॉर्पोरेट, पीआर, ब्रांडिंग, फिल्म, कला, साहित्य, उद्योग जगत के प्रमुख लोगों की गरिमामई उपस्थिति रही।